भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े अभिनेता कहे जाने वाले मनोज तिवारी करीब 10 साल से राजनीति में डटे हुए हैं। कभी अपने काम के चलते खबरों में तो कभी अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में बने रहना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। बीते साल ही भोजपुरी गायक और अभिनेता से बीजेपी के नेता बने मनोज तिवारी ने दूसरी शादी की थी और अब हाल ही में मनोज 50 साल की उम्र में फिर से पिता बने हैं। हालांकि दूसरी शादी की बात को मनोज ने छिपाकर रखा था।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में जन्में मनोज तिवारी की पढ़ाई-लिखाई इसी शहर में हुई। मनोज तिवारी के पिता चंद्रदेव तिवारी शास्त्रीय गायक थे। साल 2004 में मनोज तिवारी की पहली भोजपुरी फिल्म ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ हिट रही और इसने खूब कमाई की।
मनोज तिवारी ने साल 1999 में रानी तिवारी से शादी की थी, हालांकि उनकी ये शादी सफल नहीं रही और 13 साल बाद साल 2012 में उनका तलाक हो गया। पहली पत्नी से उनकी एक बेटी भी हुई जिसका नाम जिया है।
जिया अपनी मां के साथ मुंबई में रहती हैं। अपनी शादी टूटने पर मनोज तिवारी ने बीबीसी से बात करते हुए कहा था कि वो तलाक नहीं करना चाहते थे लेकिन उनकी बीवी की मर्जी के चलते उन्हें ऐसा करना पड़ा।
साल 2020 में मनोज तिवारी ने लॉकडाउन के दौरान अप्रैल महीने में सुरभि तिवारी से शादी कर ली। बिहार के पटना की रहने वाली सुरभि भोजपुरी गायिका हैं और अब तक कई फेमस गानों में अपनी आवाज दे चुकी हैं। सुरभि गायकी के अलावा मनोज तिवारी के प्रशासनिक काम भी देखती थीं। मनोज तिवारी के मुताबिक, उन्होंने सुरभि के साथ शादी अपनी बेटी जिया के कहने पर की थी। जिया और और उसकी दूसरी मां सुरभि के बीच अच्छे रिश्ते हैं।
मनोज तिवारी ने सुरभि के साथ अपनी शादी की बात को अब तक छिपाकर रखा। 31 दिसंबर को जब उनकी बेटी का जन्म हुआ तब जाकर लोगों को पता चला कि उन्होंने दूसरी शादी कर रखी है।