म्यूजिक की दुनिया में रैपर यो-यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) का नाम सबसे पहले जुबान पर आता है। बॉलीवुड इंडस्ट्री में म्यूजिक सेंसेशन बनकर उभरने वाले यो यो हनी सिंह ने हमेशा पार्टी हिट्स और ग्रूवी धुन दी हैं जो उनके प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के बीच बेहद फेमस भी है। भले ही हनी सिंह पिछले कुछ समय में अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देख चुके हैं। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में सफलता की बुलंदियां छूने के बाद मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हनी सिंह ने बॉलीवुड में कदम रखा था और इस इंडस्ट्री में भी सफलता हासिल की। हालांकि नशे की आदत के चलते हनी सिंह का करियर कुछ समय के लिए पटरी से उतर गया था लेकिन वे एक बार फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में वापसी कर चुके हैं।
इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहने वाले हनी सिंह ने हाल ही में अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में हनी सिंह अपने हाथ में क्रिकेट बैट थामे दिखाई दे रहे हैं। अपने बचपन की तस्वीर शेयर करते हुए हनी सिंह ने कैप्शन में लिखा, “यो यो द बल्लेबाज”। हनी सिंह इस तस्वीर में काफी क्यूट लग रहे हैं। उनकी इस तस्वीर पर एक्टर रणवीर सिंह और सिंगर नेहा कक्कड़ जैसे बॉलीवुड सितारों ने भी कमेंट किया है।
म्यूजिक के साथ ही साथ हनी अपने एक्टिंग करियर को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। हनी सिंह म्यूजिक इंडस्ट्री में तो कमाल कर चुके हैं वो एक्टिंग की दुनिया में करने में नाकाम रहे। उन्होंने साल 2012 में पंजाबी फिल्म ‘मिर्जा: द अनटोल्ड स्टोरी’ से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। साथ ही हनी सिंह ने दो और फिल्में- ‘तू मेरा 22 मैं तेरा 22’ और ‘जोरावर’ में भी काम किया, लेकिन इसका कोई खास फायदा नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने साल 2014 में फिल्म ‘द एक्सपोज’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया। उनकी एक्टिंग की दुनिया में कामयाबी न मिलने के बाद हनी को एहसास हो गया था कि वे एक्टिंग के लिए नहीं बने हैं।
हनी सिंह ने हमेशा सुपर हिट पार्टी गानों के साथ मनोरंजन किया है और उन्हें हमेशा अपने दर्शकों से अपार प्यार और समर्थन मिला है। हनी सिंह के सदाबहार और ग्रूवी हिट्स में ‘चार बोतल वोडका’, ‘धीरे धीरे’, ‘छोटे छोटे पेग’, ‘ब्लू आईज’ जैसे गाने शामिल हैं। यह गाने पार्टी एंथम बन गए हैं जिनके बिना हर जश्न अधूरा है। हनी सिंह पिछले कुछ समय में बैक टू बैक हिट सॉन्ग्स दे चुके हैं। उन्होंने बीते कुछ सालों में ‘दिल चोरी’, ‘दिस पार्टी इज ओवर नाउ’ और ‘रंगतारी’ से ले कर शाहिद कपूर-कियारा आडवाणी पर फिल्माया गया ‘सिंगल उर्वशी’ जैसे कई चार्टबस्टर्स गानों के साथ दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। अब भी हनी अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स के साथ बॉलीवुड में काफी बिजी हैं।
उनके गाने हमेशा अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं। कई हिट गानों के साथ यो यो के लिए 2019 एक सफल वर्ष रहा है, साथ ही इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के लिए आईफा अवार्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। जहां गायक हनी सिंह ने ‘खडके ग्लासी’, ‘गुड़ नालो इश्क मीठा’ और अब ‘पीयू दट के’ जैसे सुपरहिट गानों के साथ प्रशंसकों का दिल जीता वहीं अब वर्ष 2020 में प्रशंसकों को उनके अगले रिलीज का इंतजार है।
हनी सिंह के देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अच्छी फैन-फ्लोविंग है। अंतरराष्ट्रीय सेंसेशन बन चुके हनी सिंह की परफॉर्मेंस उनके दुनिया भर में मौजूद प्रशंसक देखना पसंद करते हैं। हाल ही में यो यो दुबई में नए साल का धमाकेदार आगाज करते हुए नजर आए।