कोरोना काल में ‘मसीहा’ बनकर आए अभिनेता सोनू सूद भले ही फिल्मों में विलेन का किरदार निभाते हों, लेकिन असल जिंदगी में सोनू लोगों के लिए हीरो बन गए हैं। इन दिनों सोनू सूद मुंबई में फंसे लोगों और प्रवासी मजदूरों के लिए भगवान से कम नहीं हैं। उन्होंने अब तक हजारों प्रवासी मजदूरों को अपने खर्चे पर उनके घर पहुंचाया है। ये लोग अब सोनू का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे हैं। सोनू खुद लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसके अलावा वो रोज हजारों लोगों के खाने का भी इंतजाम कर रहे हैं।
इसके अलावा सोनू सूद की ट्विटर पर प्रतिक्रिया और उनके जवाब देने के अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया। हैंडसम और दरियादिल सोनू सूद बचपन में भी बेहद क्यूट दिखते थे। आइये दिखाते हैं आपको सोनू सूद के बचपन की अनदेखी और प्यारी तस्वीरें…
सोनू सूद का जन्म 30 जुलाई 1973 में पंजाब के मोगा शहर में हुआ था। उन्होंने नागपुर के एक कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। सूद ने 1996 में अपनी पत्नी सोनाली से शादी की थी। उनके दो बेटे हैं, ईशांत और अयान। सोनू ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1999 में तमिल फिल्म इंडस्ट्री से की थी।
सोनू को हिंदी फिल्मों में साल 2002 में ब्रेक मिला। उन्होंने फिल्म ‘शहीद-ए-आजम’ में भगत सिंह का किरदार निभाया था। इस फिल्म के बाद सोनू का बॉलीवुड करियर शुरू हो गया, लेकिन सोनू को पहचान साल 2004 में मणिरत्नम की फिल्म ‘युवा’ से मिली। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, अजय देवगन, करीना कपूर भी थे।
इसके बाद सोनू सूद साल 2005 में फिल्म ‘आश्क बनाया आपने’ में नजर आए। इस फिल्म में सोनू सूद के ऊपर फिल्माया गया गाना ‘जिंदगी लुटा दूं, एक बार मुस्कुरा दे’ काफी पसंद किया गया था। हालांकि फिल्म में सोनू ने विलेन का किरदार निभाया था, लेकिन उन्हें खूब पसंद किया गया था।
सोनू ने 2006 में आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘जोधा अकबर’ में राजकुमार सुजामल की भूमिका निभाई। इसके बाद सोनू ने ‘सिंह इस किंग’, ‘एक विवाह ऐसा भी’ फिल्मों में अपने शानदार अभिनय का प्रदर्शन किया।
इसके बाद सोनू सूद का एक्टिंग करियर ग्राफ लगातार बढ़ता ही गया। सोनू सूद ने ना केवल हिंदी बल्कि तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। हर इंडस्ट्री में उनके काम को खूब सराहना मिली है।
साल 2010 में सोनू सूद ने अभिनव कश्यप की फिल्म ‘दबंग’ में विलेन छेदी सिंह का किरदार निभाया था। इस किरदार को भी उनके फैंस ने खूब पसंद किया था।
सोनू ने ‘सिंबा’, ‘आर राजकुमार’ जैसी फिल्मों में नेगेटिव किरदार ही निभाए हैं। उन्हें इन किरदारों के लिए काफी पसंद भी किया जाता है।
इसके अलावा सोनू ‘कुंग फू योगा’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं।