जानिए बॉलीवुड के 7 सबसे मशहूर और पावरफुल खानदानों के बारे में, दशकों से कर रहे हैं इंडस्ट्री पर राज

राजनीति की तरह ही बॉलीवुड में भी खूब परिवारवाद चलता आ रहा है। बॉलीवुड में ऐसे कई परिवार हैं जो कई दशकों से इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं। ऐसे ही बॉलीवुड के दिग्गज खानदानों में बहुत से कलाकारों ने और फिर आगे उनकी पीढ़ियों ने बॉलीवुड में खूब नाम कमाया। हम आपको बॉलीवुड के सबसे मशहूर और पावरफुल परिवारों के बारे में बताने जा रहे हैं जो कई सालों से बॉलीवुड में सकिर्या है।

कपूर खानदान

अगर बॉलीवुड के मशहूर परिवारों की बात हो तो सबसे पहला नाम कपूर खानदान का आता है। कपूर परिवार बॉलीवुड इंडस्ट्री का सबसे पुराना परिवार है। अपने सपनों को पूरा करने पृथ्वीराज कपूर ने सिनेमा की दुनिया में कदम रखा था। पृथ्वीराज कपूर के बाद उनके तीनों बेटों राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर ने बॉलीवुड पर राज किया। राज कपूर के बेटे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर ने फिल्मों को ही अपना करियर बनाया। रणधीर कपूर ने बॉलीवुड अभिनेत्री बबीता से शादी की। बबीता और रणधीर कपूर की दोनों बेटियां करीना और करिश्मा भी बॉलीवुड पर छाई हुई हैं। करीना ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान से शादी की है। सैफ अली खान की पहली पत्नी अमृता सिंह भी एक बॉलीवुड की सफल अभिनेत्री हैं और उनकी माँ शर्मीला टैगोर अपने ज़माने के सबसे कामयाब अभिनेत्रयों में से एक थीं। अब उनकी बेटी सारा अली खान भी फिल्म नगरी में कदम रख चुकी हैं।

ऋषि कपूर ने अभिनेत्री नीतू सिंह से शादी की अब उनका बेटा रणबीर कपूर भी बॉलीवुड में सफल अभिनेताओं में गिने जाते हैं। खबरें हैं कि रणबीर जल्द ही बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट से शादी करने जा रहे हैं जो खुद बॉलीवुड से जुड़े परिवार से हैं, उनके पिता महेश भट्ट, माँ सोनी राजदान और बहन पूजा भट्ट बॉलीवुड में खूब नाम कमा चुके हैं।

शम्मी कपूर ने भी एक्ट्रेस गीता बाली से शादी कर घर बसाया और उनके बेटे आदित्य राज कपूर ने भी फिल्मों में अपनी किस्मत आज़माई। शशि कपूर ने इंग्लिश एक्ट्रेस जेनिफर केंडल से शादी की और फिर उनके तीनों बच्चे करण कपूर, कुणाल कपूर और संजना कपूर भी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

बच्चन परिवार

अमिताभ बच्चन ने अपने पिता और मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन से बिल्कुल अलग राह चुनकर बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा दिखाई। अमिताभ बच्चन ने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री जया भादुड़ी से शादी की। उनके बेटे अभिषेक बच्चन ने भी फिल्मों में ही अपना करियर बनाया और अभिषेक बच्चन ने विश्व सुंदरी और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय से शादी की।

अख्तर-आजमी खानदान

अख्तर और आजमी खानदान भी बॉलीवुड में लंबे समय से अपनी जड़ें जमाए हुए है। गीतकार जावेद अख्तर ने पहले हनी ईरानी से शादी की। इनके बच्चे जोया अख्तर और फरहान अख्तर आज बॉलीवुड की दुनिया में जाने-माने नाम हैं। जावेद अख्तर के पिता जां निसार अख्तर भी अपने समय के लोकप्रिय गीतकार रहे हैं। हनी ईरानी की बहन डेजी ईरानी भी अभिनेत्री हैं। कोरियोग्राफर-डायरेक्टर फराह खान और साजिद खान, हनी ईरानी और डेजी ईरानी के भांजा-भांजी हैं। जावेद अख्तर की दूसरी पत्नी बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी हैं जो कैफ़ी आज़मी की बेटी हैं। तब्बू रिश्ते में शबाना की भांजी लगती हैं।

चोपड़ा-जौहर परिवार

बलदेव राज चोपड़ा ने ‘बीआर फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस’ का निर्माण किया। बलदेव राज के छोटे भाई यश चोपड़ा भी निर्देशन की दुनिया में छाए। यश चोपड़ा के बेटे बॉलीवुड के मशहूर आदित्य चोपड़ा निर्देशक हैं। आदित्य चोपड़ा ने बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी से शादी की है।

यश चोपड़ा की बहन हीरू से यश जौहर ने शादी की। यश और हीरू के बेटे करण जौहर हैं। बॉलीवुड में करण जौहर का सिक्का चलता है और वे कई स्टारकिड्स को बॉलीवुड में लॉन्च कर चुके हैं।

खान परिवार

लेखक सलीम खान और सलमा खान के बेटे सलमान, अरबाज और सोहेल बॉलीवुड में सबसे चर्चित नाम हैं। सलीम खान ने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हेलन से दूसरी शादी की। वहीं अरबाज खान ने अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा से शादी की थी। मलाइका अरोड़ा की छोटी बहन अमृता अरोड़ा भी अभिनेत्री है। वहीं सलीम खान की बेटी अलवीरा खान ने अभिनेता अतुल अग्निहोत्री से शादी की। उनकी गोद ली हुई बेटी अर्पिता खान की शादी आयुष शर्मा से हुई है और आयुष भी बॉलीवुड में कदम रख चुके हैं।

कपूर परिवार-2

पृथ्वीराज कपूर के परिवार के अलावा एक और कपूर परिवार कई सालों से बॉलीवुड पर राज कर रहा है। निर्माता सुरिंदर कपूर के तीनों बेटे बोनी कपूर, अनिल कपूर और संजय कपूर बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुके हैं, तीनों ही बॉलीवुड में जाने-माने नाम हैं। बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना से उनके एक बेटा अर्जुन कपूर है, जो फिल्मी दुनिया का हिस्सा बन चुके हैं। बोनी कपूर ने बॉलीवुड की कामयाब एक्ट्रेस श्रीदेवी से दूसरी शादी की। श्रीदेवी की बेटी जान्हवी धीरे-धीरे बॉलीवुड में अपने कदम जमा रही हैं। वहीं अनिल कपूर की दोनों बेटियां बॉलीवुड से जुड़ी हुई हैं। सोनम कपूर अभिनेत्री हैं वहीं दूसरी बेटी रिया कपूर प्रोड्यूसर है।

मुखर्जी-समर्थ परिवार

अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री रतन बाई की बेटी शोभना समर्थ सिनेमा की नामचीन हस्ती रह चुकी हैं। शोभना समर्थ की दो बेटियां नूतन और तनुजा ने भी बॉलीवुड में अभिनेत्रियों के तौर पर खूब नाम कमाया। नूतन के बेटे मोहनिश बहल भी एक अभिनेता हैं। तनुजा की दो बेटियां काजोल और तनीषा भी बॉलीवुड के चर्चित नामों में से हैं। काजोल ने बॉलीवुड के फेमस स्टंटमैन वीरू देवगन के बेटे अभिनेता अजय देवगन से शादी की है। अभिनेत्री रानी मुखर्जी, काजोल की कजन हैं। रानी मुखर्जी के पिता राम मुखर्जी भी फिल्ममेकर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!