सोशल मीडिया पर फिल्मी सितारों का ट्रोल होना कोई नयी बात नहीं है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ट्रोलिंग हद से ज्यादा बढ़ गई है। सुशांत सिंह राजपूत के नि’धन के बाद से ही नेपोटिज्म का मुद्दा गरमाया और सोशल मीडिया पर तमाम स्टार किड्स को जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ सितारों को तो आपत्तिजनक धमकियां तक दी गई। लिहाजा कई सितारों ने अपने कमेंट सेक्शन को ही लॉक कर दिया था। हालांकि सोशल मीडिया अब्यूज के खिलाफ अब बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सख्त कदम उठाया है। सोनाक्षी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल सोनाक्षी सिन्हा ने बीते 7 अगस्त को मुंबई क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। सोनाक्षी की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया। साथ ही साइबर पुलिस ने IP ऐड्रेस की मदद से औरंगाबाद के तुलजी नगर निवासी शशिकांत गुलाब जाधव को खोज निकाला। 27 साल के शशिकांत को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया।
सोनाक्षी ने सोशल मीडिया एब्यूज के खिलाफ इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर पोस्ट भी की थी। इस वीडियो के जरिए सोनाक्षी ने बताया था कि वह अब साइबर बुलिंग का शिकार नहीं होंगी।
आपको बता दें हाल ही में सोनाक्षी ने अपने ट्विटर एकाउंट को बंद किया था। इसकी जानकारी उन्होंने इंस्टाग्राम पर दी थी। सोशल मीडिया पर बढ़ती नेगेटिविटी को देखते हुए सोनाक्षी ने ये कदम उठाया था और ट्रोल करने वालों को खरी-खोटी सुनाई थी।
हालांकि बीते कुछ दिनों से उन्हें फिर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा था। सोनाक्षी को इंस्टाग्राम पर धमकियां दी जा रही थी। लिहाजा उन्होंने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पकड़े गए आरोपी ने न सिर्फ सोनाक्षी बल्कि कई फिल्मी हस्तियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। बताया जा रहा है आरोपी ने बीकॉम की पढ़ाई की है और एक रेस्टोरेंट में प्रबंधक के रूप में काम करता है।
आरोपी के पकड़े जाने के बाद सोनाक्षी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर पोस्ट किया और मुंबई क्राइम ब्रांच के लिए आभार व्यक्त किया।