दूरदर्शन पर 33 साल बाद भी रामानंद सागर की ‘रामायण’ के पुन: प्रसारण को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। सीरियल इतना लोकप्रिय हो रहा है कि अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ रहा है। यही नहीं इस सीरियल में अभिनय करने वाले कलाकार फिर से चर्चा में आ गए हैं। आलम ये है कि ‘रामायण’ के कई कलाकारों ने तो सोशल मीडिया पर अभी डेब्यू किया जिससे वो दर्शकों और फैन्स से सीधे रूबरू हो सकें। उस दौर में ‘रामायण’ के सभी कलाकार बेहद मशहूर हो गए थे, इन्हीं में से एक थे अभिनेता विजय अरोड़ा जिन्होंने रावण के बेटे इंद्रजीत मेघनाद का किरदार निभाया था।
अपने जमाने के काफी मशहूर अभिनेता रहे विजय अरोड़ा ने अपने शानदार अभिनय से इंद्रजीत मेघनाद के किरदार में जान डाल दी थी। रामायण सीरियल ने उनके करियर में चार चांद लगाए। रामायण के दोबारा प्रसारण के समय विजय अरोड़ा नहीं हैं, लेकिन उनकी एक्टिंग के चर्चे आज भी होते हैं। विजय अरोड़ा ने साल 2007 में पेट के कैं स र के चलते 62 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
‘रामायण’ से पहले विजय अरोड़ा सत्तर और अस्सी के दशक में कई फिल्मों में मुख्य नायक से लेकर सह कलाकार की भूमिका निभा चुके थे।
विजय अरोड़ा ने 1971 में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से ग्रेजुएशन किया। उनकी पहली फिल्म ‘जरूरत’ (1972) थी। इस फिल्म में उनके साथ रीना रॉय थीं। रीना रॉय की भी ये पहली फिल्म थी। विजय अरोड़ा अभिनेत्री आशा पारेख के साथ ‘राखी’ और ‘हथकड़ी’ (1973) में नजर आए। इसके अलावा उन्होंने जीनत अमान के साथ फिल्म ‘यादों की बारात’ में भी काम किया था।
विजय अरोड़ा को असली लोकप्रियता जीनत अमान के साथ फिल्म ‘यादों की बरात’ (1973) से मिली। फिल्म का रोमांटिक हिट गाना ‘चुरा लिया है तुमने’ उन पर ही फिल्माया गया था। इस हिट गाना में जीनत अमान उनके साथ थीं।
गाने में चॉकलेटी चेहरे वाले विजय अरोड़ा का अंदाज देख लड़कियां उनकी दीवानी हो गई थीं। विजय अरोड़ा ने अपने अभिनय की इस कदर छाप छोड़ी थी कि उस वक्त के सुपरस्टार राजेश खन्ना को भी अपने स्टारडम की चिंता सताने लगी।
विजय अरोड़ा ने ‘जरूरत’, ‘जीवन ज्योति’, ‘राखी और हथकड़ी’, ‘आखिरी चीख’, ‘एक मुट्ठी आसमान’, ‘सबसे बड़ा सुख’, ‘फागुन’, ‘इंसाफ’, ‘रोटी’, ‘सरगम’, ‘नसीब’, ‘मेरी आवाज सुनो’, ‘सौतन’, ‘बड़े दिलवाला’ और ‘विश्वात्मा’ जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने करियर में 110 फिल्मों और करीब 500 से अधिक सीरियल्स में काम किया। विजय अरोड़ा टीवी सीरियल में काम नहीं करना चाहते थे लेकिन रामानंद सागर ने किसी तरह उन्हें मना लिया और मेघनाद इंद्रजीत का रोल दिया।